छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम गोडा अंबा के पास हुई बस दुर्घटना तथा बिलासपुर नेशनल हाईवे पर बलौदा बाजार जिले के सिमगा के समीप हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जशपुर जिले के गोडा अंबा के पास हुई बस दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। इस हादसे में कई लोगों के असामयिक निधन से मन अत्यंत व्यथित है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।

मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहे तथा उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
इसी तरह मुख्यमंत्री साय ने बिलासपुर नेशनल हाईवे पर बलौदा बाजार जिले के सिमगा के समीप हुए भीषण सड़क हादसे पर भी गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस दु:खद घटना में दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना में घायल सभी लोगों का समुचित उपचार सिमगा तथा रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में कराया जा रहा है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले।
